बिधूना। नगर पंचायत क्षेत्र में बजट के अभाव में कई विकास कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं। नगरीय तालाब सरंक्षण योजना के तहत जवाहर नगर वार्ड स्थित रामकुंड तालाब का सुंदरीकरण और अछल्दा रोड से भगत सिंह चौराहे तक बनने वाला 37 खंड के नाले का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है।
नगरीय तालाब सरंक्षण योजना के तहत जवाहर नगर वार्ड स्थित गाटा संख्या 825 पर चिह्नित रामकुंड तालाब का सुंदरीकरण 89 लाख रुपये की लागत से होना प्रस्तावित था। परियोजना के तहत इंटरलॉकिंग, सफाई, खोदाई एवं सुंदरीकरण के लिए पहली किस्त के रूप में 45 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। अधूरा तालाब खुला होने के कारण लोगों ने उसमें मोहल्ले का पानी बहाना शुरू कर दिया है।
इसी तरह अछल्दा रोड से भगत सिंह चौराहा मार्ग पर बनने वाला 37 खंड का नाला भी अधूरा है। नाला निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 44 लाख रुपये आए थे। इससे शंकर जी मंदिर तक का निर्माण कार्य पूरा किया गया। इसके आगे का निर्माण बजट न आने के कारण बंद है।