प्रतीक्षालय में साफ सफाई करते कर्मचारी
- फोटो : amarujala
दिबियापुर(औरैया)। रेलवे महाप्रबंधक के फफूंद रेलवे स्टेशन पर आगमन को लेकर रेल प्रशासन तैयारियों में जुटा है। इस बीच टूंडला से कानपुर जा रहे डीआरएम के फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने की सुगबुगाहट के चलते रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि डीआरएम स्पेशल ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पर बिना रुके ही आगे निकल गई। इससे रेल अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
इसी महीने रेल महाप्रबंधक का फफूंद रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण प्रस्तावित है। 16 मार्च को महाप्रबंधक फफूंद रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करने आ सकते हैं। जीएम के निरीक्षण की तैयारियों के मद्देनजर फरवरी में डीआरएम इलाहाबाद फफूंद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बाद 24 फरवरी को दोबारा निरीक्षण के लिए डीआरएम के आने की बात कही जा रही थी।
लेकिन ऐन वक्त पर डीआरएम निरीक्षण का कार्यक्रम रद्द हो गया था। इसके बाद एक बार और निरीक्षण का कार्यक्रम रद्द हो चुका है। डीआरएम इलाहाबाद का रविवार सुबह 9 बजे टूंडला से चलकर शाम 7 बजे कानपुर पहुंचने एवं इस बीच रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसकी तैयारियों को लेकर रेल प्रशासन खासा सतर्क था। रविवार को शाम लगभग 4:20 बजे डीआरएम स्पेशल ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पर बिना रुके ही कानपुर की ओर गुजर गई।
इसके बाद रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। स्टेशन अधीक्षक राजीव राजा शुक्ला का कहना है कि अभी तक रेलवे महाप्रबंधक का फफूंद में निरीक्षण के लिए औपचारिक तौर पर कोई सूचना नहीं आई है। इधर, डीआरएम से ट्रेनें रोकने की मांग करने के लिए कई समाजसेवी फफूंद रेलव स्टेशन पर जमे रहे। डीआरएम के फफूंद में न रुकने पर मायूस होकर लौट गए।