भिड़ंत के बाद घटना स्थल पर बिखरी पड़ीं ईंटें व क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के तहत रविवार सुबह जालौन रोड पर ब्रेकर के पास खड़े ट्रैक्टर में जालौन की ओर से आ रहे डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। जबकि हेल्पर को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया।
रविवार सुबह बाबा ईंट भट्टे से ईंटों को लेकर जालौन की ओर जा रहा ट्रैक्टर मां मंगलाकाली मंदिर के पास ब्रेकर पर रुक गया। तभी जालौन की ओर से आ रहे डीसीएम ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। टक्कर से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। वहीं ईंटें सड़क पर बिखर जाने से जाम लग गया। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने डीसीएम में फंसे घायल चालक मु. शकील (28) पुत्र हतीबुल्ला निवासी नई बस्ती परिभवन बाराबंकी और हेल्पर मो. रहमान (27) पुत्र मो. इजहार निवासी नसीरपुर कसरगरगंज बाराबंकी को बाहर निकाला।
इसके बाद सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने चालक शकील को मृत घोषित कर दिया। जबकि हेल्पर को कानपुर रेफर किया गया। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिवारीजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।