औरैया। जिला चिकित्सालय को उच्चीकृत कर बरमूपुर में मेडिकल कालेज बनाए जाने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। पीडब्ल्यूडी ने मेडिकल कालेज के लिए 31609.78 लाख का इस्टीमेट बनाकर लखनऊ मुख्यालय भेजा है। यहां पर बनने वाला मेडिकल कालेज 100 एडमीशन के लिए बनाया जाना प्रस्तावित है। बरमूपुर में मेडिकल कालेज बनाए जाने के लिए दिबियापुर विधायक एवं प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत काफी प्रयासरत हैं।
एक अक्तूबर 2019 को लखनऊ से पहुंची टीम ने यहां सेहुद ग्राम पंचायत के मजरा बरमूपुर में यातायात पुलिस लाइन की जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया था। उसी दिन प्रदेश के मंत्रिपरिषद की बैठक में बरमूपुर की यातायात पुलिस लाइन के नाम से दर्ज जमीन चिकित्सा शिक्षा विभाग को निशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पास हुआ। इससे तय हो गया था कि जिले का मेडिकल कालेज बरमूपुर में ही बनेगा।
इसके बाद यातायात पुलिस लाइन की कुल जमीन में से 6.152 हेक्टेयर (15.20एकड़) भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग के नाम राजस्व अभिलेखों में भी चढ़ गई थी। दिसंबर 2019 में उत्तर प्रदेश के विधानमंडल सत्र के दौरान औरैया के मेडिकल कालेज के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत भी किए जा चुके हैं। मेडिकल कालेज बनाने के लिए इस्टीमेट बनाने वाले पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अरुण कुमार कुशवाहा एवं अवर अभियंता केएम अग्निहोत्री ने बताया कि मेडिकल कालेज के लिए इस्टीमेट बनाकर लखनऊ मुख्यालय को भेज दिया गया है। बताया कि मेडिकल कालेज बनाने के लिए 31609.78 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार हुआ है।
मालूम हो कि चिचौली स्थित जिला अस्पताल को उच्चीकृत करके ही राजकीय मेडिकल कालेज बनाया जाना है। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अरुण कुमार कुशवाहा ने बताया कि चिचौली स्थित जिला अस्पताल की 12 एकड़ एवं बरमूपुर में स्थित 15.20 एकड़ भूमि को मिलाकर कुल 27.20 एकड़ जमीन पर राजकीय मेडिकल कालेज बनेगा।
120 गर्ल्स व 180 लड़कों के लिए बनेगा हास्टल
दिबियापुर (औरैया)। प्रस्तावित राजकीय मेडिकल कालेज अत्याधुनिक होगा। मेडिकल कालेज में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन, 250 बेड के जिला चिकित्सालय को 500 बेड के अस्पताल में उच्चीकृत करने के लिए 250 बेड का अस्पताल निर्माण होगा। इसके साथ ही 120 गर्ल्स व 180 लड़कों के लिए हास्टल बनेगा।