औरैया। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में सोमवार को डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला उद्योग बंधु की बैठक ली। इस दौरान प्लास्टिक सिटी की जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग को बजट की मांग करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ऋण पत्रावलियों को जल्द से जल्द निस्तारित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद दुर्गेश कुमार उपायुक्त उद्योग ने विभाग में संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना व एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 69 ऋण पत्रावलियां संबंधित बैंकों को ऑन लाइन प्रेषित कर दी गई हैं। इसके सापेक्ष 29 ऋण पत्रावलियों को स्वीकृत के सापेक्ष 21 ऋण पत्रावलियों का वितरण हो चुका है।
10 ऋण पत्रावलियां संबंधित बैंकों में स्वीकृत के लिए लंबित हैं। एक जनपद एक उत्पाद मार्जिन मनी योजना के तहत 32 पत्रावलियां प्रेषित कर दी गई हैं। इसके सापेक्ष 12 पत्रावलियां स्वीकृत के पश्चात 11 ऋण पत्रावलियां वितरण हो गई हैं। छह ऋण पत्रावलियां स्वीकृत के लिए विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक व समस्त जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि शाखा प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर एमबाईएसबाई व ओडीओपी में आवंटित लक्ष्य की पूर्ति शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राम सुमेर गौतम, वनाधिकारी राकेश कुमार, अरविंद भास्कर उपायुक्त उद्योग, राजीव सिंह अग्रणी जिला प्रबंधक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व हेमंत कुमार सहायक प्रबंधक, ओमकार वरिष्ठ सहायक मौजूद रहे।