औरैया। कोर्ट के बाहर डिप्टी सीएमओ की गाड़ी का शीशा तोड़कर बदमाश पर्स पार कर ले गए। कोतवाली में एक नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दिबियापुर विकास कुंज निवासी डिप्टी सीएमओ व क्षय रोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर लगभग चार बजे पत्नी के साथ न्यायालय गए थे। कार न्यायालय परिसर केे बाहर खड़ी कर दी थी। तभी किसी ने कार में पीछे वाली खिड़की का शीशा तोड़कर पर्स पार कर दिया।
पर्स में 15 हजार रुपये, एटीएम, आधार कार्ड व कुछ दवाइयां थीं। बताया कि लौटते समय हिमांशु यादव निवासी कलक्ट्रेट रोड दिबियापुर के अलावा कुछ अज्ञात लोगों ने समझौता करने का दबाव बनाया। न मानने पर पूरे परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित डिप्टी सीएमओ की तहरीर पर नामजद व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।