पोलियो दिवस यानी रविवार को 0 से पांच वर्ष तक के बच्चों को बूथों पर पोलियो ड्राप पिलाई जाएगी। इसके लिए जागरूकता पैदा करने के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने रैली निकाली। रैली में स्कूली बच्चों सहित स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सभी से बच्चों को पोलियो ड्राप पिलवाने की अपील की।
रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया। पुरानी कलेक्ट्रेट से रवाना हुई रैली में बच्चे बैनर, पोस्टर व पट्टिकाएं हाथों में लेकर लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक करते दिखे। इस मौके पर डीएम माला श्रीवास्तव ने कहा कि 0 से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जानी है। इसके लिए 22 फरवरी का दिन पोलियो दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
इस दिन सभी लोग अपने बच्चों को बूथों में ले जाकर पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। जागरूकता रैली पुरानी कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर दिबियापुर रोड, सुभाष चौक चौराहा, संजय गेट चौराहा से होती हुई जिला अस्पताल पर पहुंचकर समाप्त हो गई। वहीं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. विनोद सागर ने बताया कि 22 फरवरी को पोलियो दिवस को लेकर जनपद को दस जोन में बांटा गया है।
अभियान में 442 टीमें, 28 सेक्टर एवं 158 सुपरवाइजर की देखरेख में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। रैली में मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एनकेएस यादव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. विनोद सागर, डीटीओ डा. श्याम सूरी, डिप्टी सीएमओ डा.रामऔतार कटियार, डिप्टी सीएमओ डा.अशोक कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास, जायंट्स संस्था अध्यक्ष ज्ञान सक्सेना सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।