औरैया। शासन स्तर से स्वच्छता अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक शौचालयों को बनाया गया। छह लाख रुपये से ज्यादा की धनराशि खपाई गई। ये शौचालय शुरू होने से पहले ही बदहाल हो गए हैं। इनकी जर्जर हालत निर्माण कार्य में हुई धांधली की गवाही दे रहे हैं।
सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत पौथी के मजरा करियापुर में बना सार्वजनिक शौचालय इसकी गवाही दे रहा है। जहां कमीशन खोरी व बंदरबांट के चलते मानक के विपरीत निर्मित शौचालय का कार्य अभी अधूरा है। ग्रामीणों को प्रयोग के लिए इन्हें चालू किया जाता इससे पहले ही निर्मित शौचालय जर्जर व क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे जिम्मेदार अधिकारी बेखबर हैं।
निर्माणाधीन शौचालय में अभी तक विद्युत कनेक्शन, पानी की टोटी आदि कार्य अधूरा पड़ा है जबकि दीवारों पर लगी टाइल्स टूटने लगी हैं। प्लास्टर भी टूट कर गिर रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस शौचालय को कागजों में पूरा दिखा दिया गया है। शौचालय के रखरखाव की जिम्मेदारी प्रधान व सचिव को सौंप दी गई है। ग्रामीणों नरेश कुमार, सतेंद्र सिंह, अमित कुमार, नरेश पाठक, उमेश आदि ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक शौचालय आज दिन तक ग्रामीणों के लिए चालू नहीं किया जा सका है। एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है। सामुदायिक शौचालय जर्जर हालत में पहुंच चुका है। इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
वर्जन
पूर्व में करियापुर में बने सामुदायिक शौचालय की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पंचायत सचिव अंशु प्रजापति को सस्पेंड कर दिया गया था। शिकायत फिर मिली है। स्थलीय निरीक्षण कर जर्जर पड़े शौचालय को सही करवाया जायेगा।
आदित्य कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी, सहार