सहायल। सहार विकास खंड की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत सहायल में सड़कों की हालत जर्जर है। सहायल अमानपुर संपर्क मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। उनमें घरों से निकलने वाला गंदा पानी भर गया है। जलभराव से ग्रामीण मुसीबत में है। सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। बावजूद इसके किसी जिम्मेदार अधिकारी की इस पर नजर नहीं पड़ी है।
ग्राम पंचायत सहायल में सहायल अमानपुर संपर्क मार्ग की स्थित अत्यंत दयनीय है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। जिनमें पानी भरा है। हालत यह है कि अमानपुर को जाने वाले लोगों के लिए साइकिल से भी चलना जटिल है। सहायल-अमानपुर के ग्रामीण अमर सिंह, मोनू बाजपेई, हीरा परिहार, जीतू कुशवाह, गोपाल अग्निहोत्री ने बताया कि कई बार जिम्मेदारों को समस्या बताई लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया है मौके पर जाकर जांच करेंगे। जो भी खामियां होंगी उनको पूरा कराया जाएगा।