औरैया। अजीतमल ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत शहबाजपुर मजरा प्रतापपुर में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। गुरुवार को गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर भरे पानी में खड़े होकर प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द सुनवाई न होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। शुक्रवार से अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।
हाईवे से लेकर प्रतापपुर करीब एक किलोमीटर आबादी भाग में करीब दो साल से यहां के बाशिंदे जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात में यहां स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। एक दर्जन से अधिक गांवों के बाशिंदों का प्रतिदिन यहां गुजरना होता है। आए दिन मोटर साइकिल, साइकिल सवार गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। पैदल सवारों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है।
सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है। गांव के ध्यान सिंह, मान सिंह, हाकिम सिंह का कहना है कि सांसद डा.रामशंकर कठेरिया, सदर विधायक रमेश दिवाकर को कई बार शिकायत कर चुके हैं। हर बार आश्वासन दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। दो दिन पहले एसडीएम रमापति अजीतमल व बीडीओ अश्वनी सोनकर प्रतापपुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को देखा, लेकिन प्रधान सुभाष राजपूत ने अधिकारियों को ग्रामीणों से बातचीत नहीं करने दी। इस संबंध में बीडीओ अश्वनी सोनकर का कहना है कि मौके पर एसडीएम, लेखपाल व वह स्वयं गए थे।
लेखपाल को जगह की पैमाइश कर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विकास, अमित राजपूत, डॉ.भोला सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, गोपीचरन, राजरानी, फूलमती, विद्यादेवी, रामदेवी आदि मौजूद रहीं।