औरैया। जिले भर में आधार से 50 फीसदी से कम राशन सामिग्री वितरण होने पर डीएसओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने 54 कोटेदारों को नोटिस देकर 22 सितंबर तक प्रत्येक दिशा में शत-प्रतिशत सामग्री का वितरण करने की हिदायत दी है। सितंबर माह में जिले के सहार ब्लॉक के 11, एरवाकटरा व अजीतमल के तीन-तीन, औरैया के 11, भाग्यनगर आठ, बिधूना के सात तथा अछल्दा ब्लॉक के 11 कोटेदार ऐसे हैं, जो अभी तक आधार से 50 फीसदी से कम ही राशन सामग्री का वितरण कर सके हैं। डीएसओ अशोक कुमार सिंह ने 54 कोटेदारों को नोटिस भेजकर 22 सितंबर तक प्रत्येक दशा में तय राशन सामिग्री का वितरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कोटेदारों को चेताया कि कोटे खुलने के निर्धारित समय पर किसी भी दशा में कोटेदार बिना डीएम अथवा डीएसओ को सूचना दिए बगैर दुकान बंद न करें। निरीक्षण में दुकान बंद मिलने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई तय है। डीएसओ ने बताया कि डीएम ने राशन दुकानों को औचक निरीक्षण के लिए अन्य विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वह दुकानों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कोटेदारों को चेताया कि नियमानुसार और मानक के अनुरूप निर्धारित समयावधि में तय राशन सामग्री का वितरण करना सुनिश्चित करें।