शहर कोतवाली के पीछे औरैया महोत्सव सीजन-टू के आयोजन स्थल को सजाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार आयोजन स्थल में रंगारंग कार्यक्रमों के लिए जिला प्रशासन की ओर से 70 बाई150 फुट लंबा-चौड़ा मंच तैयार करवाए जाने की तैयारी की गई है। महोत्सव में जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग से संबंधित स्टाल 23 जनवरी से पहले आयोजन स्थल पर सजाए जाने की समय सीमा तय की गई है।
सैफई की तर्ज पर जिला प्रशासन के वैनर तले आयोजित होने वाला औरैया महोत्सव सीजन-टू का शुभारंभ आगामी 23 जनवरी को भव्य रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ कराया जाना तय किया गया है। आगामी छह फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में होने वाले कार्यक्रमों के लिए स्टेज आदि सजाने की तैयारी शुरू कर दी गई हैं।
आगामी 23 जनवरी को शुभारंभ के बाद बृज के लोकगीत, 24 जनवरी को औरैया टेलेंट शो, 25 को संगीत संध्या, 26 को एक शाम शहीदों के नाम, 27 को काला जादू, 28 को राजस्थानी लोक नृत्य एवं गीत, 29 को पंजाबी लोकगीत संध्या कार्यक्रम, 30 जनवरी को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, दो फरवरी को भोजपुरी नाइट, चार को कव्वाली, पांच को बॉलीवुड नाइट कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जिला प्रशासन की तरफ से भव्य मंच तैयार कराए जाने की योजना पर कार्य शुरू करा दिया गया है।
औरैया महोत्सव सीजन-टू के लिए जिला प्रशासन की ओर से 70 गुणा150 फुट लंबे-चौड़े मंच को तैयार कराए जाने का निर्णय लिया है। औरैया महोत्सव को लेकर डीएम माला श्रीवास्तव ने महोत्सव के भव्यता को लेकर कोई कसर न छोड़े जाने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
वहीं उन्होंने कृषि विभाग, पशुपालन विभाग व भूमि संरक्षण विभाग सहित अन्य विभागों के विभागाध्यक्षों को औरैया महोत्सव में आगामी 23 जनवरी से पहले अपने स्टाल सजा लेने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि औरैया महोत्सव को सजाने पर कार्य शुरू करा दिया गया है। महोत्सव में हर वर्ग के लोगों के लिए स्वस्थ मनोरंजन को ध्यान में रखा गया है।