औरैया। यूपी बोर्ड की आगामी परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए सभी विद्यालयों में प्रश्न पत्र पहुंच चुके हैं। संभावना है कि 15 जनवरी से प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी।
जिले में 15 राजकीय, 60 सहायता प्राप्त और शेष निजी विद्यालय संचालित हैं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल में इस वर्ष 20,866 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि इंटर में 19,394 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। अबकी प्री-बोर्ड परीक्षा को बोर्ड परीक्षा की रिहर्सल के तौर पर लिया जा रहा है।
इस सत्र में शिक्षकों की एसआईआर ड्यूटी में लंबे समय तक तैनाती रहने के कारण कई विद्यालयों में पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो सका। इसका सीधा असर छात्रों की तैयारी पर पड़ा है। ऐसे में प्री-बोर्ड परीक्षा शिक्षकों के लिए भी अहम हो गई है, ताकि यह पता चल सके कि किन विषयों और अध्यायों में छात्र कमजोर हैं।
शिक्षकों का कहना है कि प्री-बोर्ड के बाद छात्रों को उनकी कमजोरी के अनुसार विशेष मार्गदर्शन, अतिरिक्त कक्षाएं और रिवीजन कराया जाएगा। इससे बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों की तैयारी को सही दिशा दी जा सकेगी।
प्री-बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम 15 जनवरी से प्रस्तावित है। मौसम को देखते हुए इसमें बदलाव भी हो सकता है। सभी स्कूलों को प्रश्न पत्र भेज दिए गए हैं। परीक्षा परिणाम के बाद छात्र-छात्राआें के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन कराया जाएगा। सभी प्रधानाचार्याें को कोर्स जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
- प्रदीप कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक