कुदरकोट (औरैया)। थानाक्षेत्र के गांव सराय शीश में सोमवार की रात चोरों ने एक गांव के दो घरों से नकदी व जेवर पार कर दिए। पीड़ित को सुबह वारदात की जानकारी हुई।
ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने पहले बिजली के तारों पर लोहे की चेन डालकर आपूर्ति ठप करने का प्रयास किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और पीड़ितों से पूछताछ की।
गांव सराय शीश निवासी शीलू सोमवार रात परिवार के साथ खाने के बाद घर की छत पर सोने चले गए थे। उनकी मां कांति देवी घर के बाहर थीं। देर रात चोरों ने कमरों के ताले तोड़ दिए। वहां रखी अलमारी और बक्सों में रखे सोने की अंगूठियां, झाले, बालियां, चांदी की पायल और 28 हजार नकदी पार कर दी।
इसके बाद महज 100 मीटर दूर रहने वाली शकुंतला देवी के घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शकुंतला घर में अकेली थीं। चोरों ने उनके घर से कुंडल, चांदी की कमरकुंदनी, 100 ग्राम की पायल, एक अंगूठी और 30 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। सुबह जागने पर कमरे में बिखरा पड़ा सामान देख पीड़ितों के होश उड़ गए। चोरी की घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि रात करीब 11 बजे चोरों ने वैबाह क्षेत्र में 11 केवीए की बिजली लाइन पर लोहे की चेन फेंककर फॉल्ट कराने की साजिश रची थी ताकि बिजली गुल होने पर अंधेरे का फायदा उठाया जा सके। बिजली निगम ने तुरंत लाइन ठीक कर इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी।
इसके बाद भी पुलिस ने ध्यान नहीं दिया और चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि पुलिस की टीम आरोपियों की पहचान में जुटी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-02 बिजली गुल करने के लिए तारों में डाली लोहे की चेन। संवाद