असेनी सबस्टेशन पर बिजली कर्मियों से बात करते एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव एवं सीओ सुभाष अत्री
- फोटो : अमर उजाला
लछियामऊ कांड में संविदा पर तैनात लाइनमैन व एसएसओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर सोमवार शाम ड्यूटी पर तैनात संविदा लाइनमैन और एसएसओ अघोषित हड़ताल पर चले गए। इससे दिबियापुर समेत सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई। डीएम के हस्तक्षेप के बाद पहुंचे एसडीएम व सीओ के सख्त रवैये के बाद रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो पाई।
संविदा पर तैनात लाइनमैन गोविंद एवं एसएसओ अमित कुमार के खिलाफ दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी सोमवार शाम ड्यूटी पर तैनात लाइनमैनों और एसएसओ को मिली। इसके बाद दिबियापुर के ककराही बाजार, भगवतीगंज, नौगवां, हरचंदपुर, नलकूप समेत कई ग्रामीण फीडरों को ब्रेड डाउन में डालकर सभी संविदाकर्मी अपने-अपने घर चले गए। इससे दिबियापुर समेत सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसकी जानकारी जब डीएम माला श्रीवास्तव को हुई तो उन्होंने एसडीएम बिधूना जितेंद्र श्रीवास्तव को मौके पर भेजा। सीओ बिधूना सुभाष अत्री और दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक आदित्य प्रकाश यादव भी असेनी सबस्टेशन पहुंचे। अधिकारियों ने कड़ा रुख अख्तियार किया तो संविदाकर्मी सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति शुरू करने को राजी हुए।
चंदन प्रकाश होंगे नए एक्सईएन
आगरा से आए चंदन प्रकाश को दिबियापुर का नया एक्सईएन नियुक्त किया गया है। यह जानकारी दिबियापुर पहुंचे बिजली वितरण खंड के चीफ इंजीनियर हरीप्रकाश गुप्ता ने दी। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी एलटी और एचटी लाइनें आपस में क्रास होती हैं। वहां एचटी लाइनों के नीचे गार्डिंग कराएं। ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। खासतौर पर ऐसे स्थान जो मुख्य सड़क पर स्थित हैं।