औरैया। आलू का भाव बढ़ने की उम्मीद लगाए किसानों ने निकासी के अंतिम दौर में कोल्ड स्टोर से बाजार में आलू ला दिया। इसी बीच अगेती आलू भी बाजार में आ गया। इससे एकाएक बाजार में आलू की खेप बढ़ने से अगेती आलू के भाव गिर गए।
अगेती आलू अब महज 10 रुपये किलो में बिक्री हो रहा है, इससे किसान परेशान हैं। जिले में आलू की फसल का दायरा पांच हजार हेक्टेयर के करीब है। आलू के भंडारण को लेकर 17 कोल्ड स्टोर हैं। पिछले साल का आलू इन कोल्ड स्टोरों में काफी हद तक नवंबर के शुरूआती दिनों तक डंप रहा।
किसान उम्मीद लगा रहे थे कि अंतिम दौर में आलू का भाव उछाल मारेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। 300-400 रुपये प्रति पैकेट का भाव अंतिम दौर में देख किसान मायूस हो गए। किसी तरह किसानों ने कोल्ड से आलू का उठान कराया और मंडी में आलू पहुंचाया।
उधर, नवंबर के अंतिम सप्ताह तक अगेती आलू की खेप भी बाजार पहुंचने लगी। शुरूआती दौर में अगेती आलू का भाव 50 रुपये किलो तक चला, लेकिन आवक बढ़ने के साथ ही अब नये आलू का भाव 10 रुपये तक पहुंच गया है। किसानों का कहना है कि आलू की अगेती फसल घाटे की सौदा बन रही है।
किसान बोले-अच्छा भाव नहीं मिला
लागत भी मुश्किल
बाजार में आलू की आवक बढ़ने से भाव कम मिल रहा है। 10 रुपये के भाव से अगेती फसल की लागत निकलनी भी मुश्किल है। - वैभव सिंह
घाटे का सौदा
कोल्ड स्टोर में रखे आलू को भी अच्छा भाव नहीं मिला। अब अगेती फसल का भाव भी कम है। ऐसे में आलू की फसल घाटे की सौदा बनी है।- कृष्ण मुरारी
फोटो- 12- कोल्ड स्टोर में रहे बचे आलू का उठान करते श्रमिक। संवाद- फोटो : मृतक जितेंद्र का फाइल फोटो।
फोटो- 12- कोल्ड स्टोर में रहे बचे आलू का उठान करते श्रमिक। संवाद- फोटो : मृतक जितेंद्र का फाइल फोटो।