ऐरवाकटरा। अन्ना मवेशी को बचाने में आलू लदी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के डडौना निवासी गुड्डू शुक्ला व रामऔतार होली वाले दिन डीसीएम में आलू लेकर इटावा स्थित एक कोल्ड स्टोर जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी किशनी-बिधूना मार्ग पर तुर्कपुर यासीन गांव के पास पहुंची तभी गाड़ी के सामने मवेशी आ गया। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़ कर भाग निकला।
इधर, हादसा देख मौके पर पहुंचे लोगों ने डीसीएम के अंदर फंसे दोनों व्यापारियों को बाहर निकाला। सिर व शरीर में गंभीर चोट होने पर राम औतार को सीएचसी ऐरवाकटरा भेजा गया।
जानकारी पर उमरैन चौकी इंचार्ज राकेश मोहन राय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और डीसीएम हटवाई। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर मोहित कुमार ने बताया घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर किया गया। थानाध्यक्ष जीवाराम ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।