औरैया। पोरवाल सभा के संगठनात्मक कमेटी को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद कमेटी को भंग कर दिया गया है।
कमेटी से जुड़े कुछ व्यापारी नेताओं ने डीएम से मुलाकात कर संगठन में चल रही खींचतान से अवगत कराया। इसके बाद डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सदर एसडीएम अजय आनंद वर्मा को चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
पोरवाल सभा से जुड़े बृजेंद्र गुप्ता, आनंद आर्य, अनुपम पोरवाल और अतुल पोरवाल ने बताया कि कमेटी को 28 मार्च को भंग कर दिया गया है। इसे लेकर व्यापारी नेता बृजेंद्र गुप्ता समेत कई अन्य लोग डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से मिले।
किसी तरह का विवाद न हो इसे लेकर डीएम ने एसडीएम सदर अजय आनंद वर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त कर दोनों पक्षों को बुलाकर चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि दोनों पक्षों को सुनने के बाद चुनाव संपन्न कराया जाएगा। (संवाद)