द्विस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे दौर में गुरुवार को औरैया (सदर) और अजीतमल ब्लाक में जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए हुए मतदान कराया गया। दो-एक स्थानों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुरक्षा बलों की निगरानी में हुए मतदान के दौरान शासन से नामित प्रेक्षक विनोद कुमार यदुवंशी सहित डीएम व एसपी निरंतर बूथों की खाक छानते रहे।
सुबह सात बजे से रिटर्निंग आफिसरों की निगरानी में शुरू हुए चौथे चरण के मतदान में 238450 मतदाताओं के सापेक्ष 63.69 फीसदी वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग कर डीडीसी के 125 तथा बीडीसी के862 उम्मीदवारा का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद किया।
अजीतमल ब्लाक से संबद्ध जिला पंचायत की तीन व क्षेत्र पंचायत की 75 सीटों पर मॉक पोल के बाद गुरुवार की सुबह सात से सहायक रिटर्निंग ऑफिसर/डीसी मनरेगा अनिल कुमार की मौजूदगी में मतदान की शुरुआत हुई।
तीन जोन, 13 सेक्टरों में बंटे इस ब्लाक के कुल मतदाता 102630 की तुलना में 63.27 फीसदी मतदाताओं में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं औरैया विकास खंड में समाहित जिला पंचायत के चार वार्ड तथा क्षेत्र पंचायत के 95 वार्डों के लिए मतदान संपन्न कराया गया।
चार जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित इस ब्लाक में बूथों पर सुरक्षा बलों के कड़ी निगरानी में वोट डाले गए। यहां भी शुरुआती दौर में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन प्रथम चक्र के बाद से बूथों पर लगातार मतदाताओं की आवक जारी रहने से पूरे दिन बूथों पर गहमा-गहमी बनी रही।
शाम पांच बजे तक चले मतदान में इस ब्लाक के पंजीकृत कुल 135820 वोटरों के सापेक्ष 64.11 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।
चौथे चरण के शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए जहां बूथों पर भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। वहीं अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर पूरे मतदान की वीडियोग्राफी कराए जाने का इंतजाम किया गया था।
सुपर जोनल व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की कड़ी निगरानी में संपन्न हुए चौथे चरण के मतदान में 63.69 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया संपन्न हो जाने के बाद पोलिंग पार्टियां कुल डाले गए मतों की गणना के साथ ही मत पेटिकाओं को जमा केंद्रों पर लाने की तैयारी में लगे हुए हैं।