औरैया। पेट्रोल व डीजल की कीमतों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही एडीएम (न्यायिक) को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी जिला मुख्यालय पर पहुंचे। पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी की सरकार आई है, तब से लगातार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि की जा रही है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे ने कहा कि जनता के हित में इनकी कीमतों का कम करना बहुत जरूरी है। छह वर्ष में मोदी सरकार ने पेट्रोल व डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में बार-बार वृद्धि कर 18 लाख करोड़ कमाए। इस दौरान मनोज पाल, मृत्युंजय सिंह, शैलेंद्र कुमार व अजीत कुमार आदि मौजूद रहे।
उधर, डीजल व पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के विरुद्ध जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष रमाकांत राजपूत ने राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी अभिषेक सिंह को दिया। मांग की कि बढ़ी कीमतें वापस हों। किसानों को खाद व कीटनाशक दवाएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएं। ज्ञापन देने में ओमकार सिंह, नरेंद्र राजपूत आदि लोग मौजूद रहे।