संवाद न्यूज एजेंसी
अछल्दा। परिजनों से किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक युवक शनिवार शाम अछल्दा रेलवे स्टेशन के वैशोली गांव समीप ट्रेन से कटने पहुंचा। मोबाइल पर परिजन को दी गई धमकी के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से लोकेशन ट्रेस कर ट्रेन से कटने से पहले युवक को बचा लिया।
एरवाकटरा निवासी रोहन कुमार उर्फ अश्वनी दिवाकर की परिजन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। रात में वह अछल्दा समीप वैशोली गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा। जहां खड़े होकर परिजनों को आत्महत्या कर लेने की चेतावनी दी।
अछल्दा थानाध्यक्ष रुद्र प्रताप के संज्ञान में मामला आने पर युवक के मोबाइल की लोकेशन पता की गई। गांव वैशाली के पास रेलवे ट्रैक के निकट मिली लोकेशन के बाद पुलिस दौड़ी। रेलवे स्टेशन से करीब ढाई सौ मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर रोहन ट्रेन के सामने आत्महत्या करने के लिए खड़ा मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि समय रहते परिजनों की सूचना मिल गई। कहासुनी के बाद आत्महत्या का प्रयास करने की बात रोहन ने कही है। परिजन के सुपुर्द कर दिया है।