औरैया। ऑनलाइन ठगी कर खाते से 50 हजार रुपये पार करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित को 50 हजार रुपये वापस करा दिए।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि थाना दिबियापुर क्षेत्र के ग्राम पुरवा देवराय निवासी बुद्धेश्वर राव सिद्धार्थ साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। जालसाजों ने उन्हें क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस बंद करने के नाम पर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा था।
जैसे ही बुद्धेश्वर ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके क्रेडिट कार्ड खाते से 50,104 रुपये पार हो गए। ठगी का पता चलने पर साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रभारी निरीक्षक व उनकी टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। टीम की सक्रियता के चलते ट्रांजेक्शन रुकवाकर पीड़ित की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। (संवाद)