दूसरे चरण के मतदान के दौरान मंगलवार को असेनी स्थित मतदान केंद्र के बाहर पूरे दिन भीड़ का जमावड़ा रहा। सुबह के समय भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस फोर्स ने लाठियां भांजीं। वहीं शाम को थानाध्यक्ष दिबियापुर ने आंसू गैस का एक गोला भी दागा। हालांकि पुलिस के जाने के बाद यहां स्थिति जस की तस रही।
उमरी में फर्जी वोटिंग करने को लेकर मतदान केंद्र के बाहर भीड़ इकट्ठा हुई। एक-दूसरे के बीच गाली-गलौज की नौबत आ गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पहुंची पुलिस फोर्स ने मतदान केंद्र के बाहर खड़ी भीड़ को खदेड़ दिया। जमुहां स्थित मतदान केंद्र पर नाजमा पत्नी शमीम अहमद निवासी भट्ठा बस्ती ने उनका वोट फर्जी तरीके से दूसरे द्वारा डाले जाने का आरोप लगाया। इसपर कई एजेंटों के बीच नोक-झोंक हुई।
हालांकि बाद में पीठासीन अधिकारी के समझाने पर महिला मान गई और बिना वोट डाले ही वापस लौट गई। इस दौरान काफी देर तक असामान्य स्थिति बनी रही। बाद में पहुंचे एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव एवं सीओ सुभाष अत्री ने पहुंचकर मतदान सुचारु रुप से प्रारंभ कराया। लछियामऊ में मतदाताओं के बीच झड़प हुई।
सूचना पर डीएम माला श्रीवास्तव एवं एसपी मनोज तिवारी मौके पर पहुंच गए। कुछ अराजकतत्वों को पुलिस ने पकड़ भी लिया। जबकि कई को खदेड़ दिया। कई अन्य स्थानों से झड़पों की सूचनाएं आतीं रहीं। परंतु शाम तक सभी स्थानों पर हालात सामान्य रहे।