दिबियापुर (औरैया)। पोर्टल पत्रकार को कार समेत अगवा करने एवं कार लूटकांड में शामिल लुटेरे की निशानदेही पर पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया है। साथ ही आरोपी पर अवैध असलहा रखने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की ही निशानदेही पर अन्य सामान भी बरामद हुआ है। थाना दिबियापुर के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि जुलाई 2020 में प्रशांत कुमार निवासी नेहरू नगर दिबियापुर को लुटेरों ने कार समेत अगवा कर लिया था। लुटेरों ने प्रशांत को सड़क किनारे फेंक दिया था।
कुछ दिनों बाद कार इटावा में सड़क के किनारे लावारिस हालत में मिली थी। एक आरोपी राघवेंद्र सिंह उर्फ बर्री पुत्र अशोक सिंह निवासी जरुहौलिया थाना कोतवाली औरैया ने लूट कांड में आरोपित होने के बाद उरई न्यायालय में समर्पण किया था। न्यायालय से पुलिस रिमांड लेने के बाद पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा कंचौसी मार्ग पर अजमतपुर मोड़ के पास बरामद किया गया। साथ ही पत्रकार प्रशांत के दो एटीएम व कुछ होम्योपैथिक दवाईयां भी मिलीं। बताया कि मामले में कुछ आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। आरोपी राघवेंद्र का नाम उसके ही साथी ने उजागर किया था।
कार के चालक पर रिपोर्ट दर्ज
दिबियापुर (औरैया)। दो माह पहले औरैया दिबियापुर मार्ग पर एक वाहन की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति ने कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नितिन कुमार श्रीवास्तव निवासी रामकृष्ण नगर दिबियापुर ने बताया कि वह 11 नवंबर 2020 को दोपहर में पैदल आ रहा था। तभी एक वाहन के चालक ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हादसे में पैर की हड्डी टूट गई थी। (संवाद)