मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों के साथ मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र नाथ यादव एवं प्रभारी नि
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया) में गुंजन टाकीज चौराहे पर हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों ने बीते दिनों औतों के पूर्व प्रधान के घर चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके पास से पूर्व प्रधान के घर से चोरी गई लाइसेंसी रिवाल्वर, अवैध तमंचा, चोरी की बाइक व 13 मोबाइल बरामद किए।
सीओ सुरेंद्र नाथ ने रविवार को दिबियापुर थाने में पत्रकारों को बताया कि थाने के निरीक्षक निर्भय चंद्र, दरोगा रामखिलाड़ी व शाकिर शनिवार की रात गश्त पर थे। इसी दौरान गुंजन टाकीज चौराहे पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम बाल-बाल बच गई।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर नीरज कुमार पांडेय पुत्र रामकरन पांडेय निवासी गांव मुसावली इकदिल इटावा और देवा पुत्र दीपू निवासी कांशीराम कालोनी दिबियापुर को दबोच लिया। उनके पास से पूर्व ग्राम प्रधान अनिल कुमार के घर से चोरी गई लाइसेंसी रिवाल्वर, मोबाइल समेत 12 अन्य मोबाइल एवं एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। बदमाशों ने पूर्व प्रधान अनिल कुमार के घर चोरी में शामिल होना स्वीकार किया है।
सीओ सुरेंद्र नाथ के अनुसार गिरफ्तार नीरज कुमार पांडेय इटावा जीआरपी से चोरी के एक मामले में जेल में था। एक अप्रैल को पैरोल पर छूटा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। मालूम हो कि पूर्व प्रधान अनिल कुमार के घर से एक लाख रुपये नगद भी चोरी हुए थे। पुलिस का कहना है कि चोरी गए एक लाख रुपये आरोपियों के पास से नहीं मिले हैं।