दिबियापुर (औरैया)। कोहरे के समय विजिविलटी कम होने के बावजूद अब यात्री यह जान जाएंगे कि कुछ ही पलों में डाउन रेलवे ट्रैक पर तेज गति से कोई ट्रेन गुजरने वाली है। इसके लिए फफूंद रेलवे स्टेशन पर आटोमैटिक हूटर लगाया है। ट्रेन के होम सिग्नल पार करते ही हूटर बजने लगेगा। फफूंद रेलवे स्टेशन पर लगाए गए हूटर ने काम करना शुरू कर दिया। हूटर का उद्देश्य रेलवे स्टेशन फफूंद पर लोगों के ट्रेनों की चपेट में आने से रोकना है।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन फफूंद के प्लेटफार्म संख्या एक पर हूटर लगाया गया है। कानपुर की ओर जाने वाली कोई भी ट्रेन जैसे ही होम सिग्नल को पार कर प्लेटफार्म की ओर बढ़ेगी। यह हूटर यात्रियों को सचेत करने के लिए बजने लगेगा। लगभग एक मिनट तक हूटर बजने के बाद यह स्वयं बंद हो जाएगा। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म दो पर ही डाउन ट्रैक की थ्रू लाइन है। प्लेटफार्म 2 से कानपुर की ओर जाने वाली नानस्टाप ट्रेनें गुजरतीं हैं। अक्सर यात्री अनजाने में उतरकर ट्रैक पार करने लगते हैं और ट्रेन की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। कई बार प्लेटफार्म के किनारे चल रहे यात्री ट्रेन की चपेट में आ जाते हैं। यह हूटर फफूंद रेलवे स्टेशन के यात्रियों को जागरूक करेगा। ताकि हूटर बजने के दौरान कोई भी यात्री न तो रेलवे ट्रैक पार करे और प्लेटफार्म के किनारे से हट भी जाए। यह हूटर एमआरओ (मैन रन ओवर) रोकने के लिए कारगर साबित होगा। आने वाले दिनों में सर्दियों के समय होने वाले कोहरे के कारण जब ट्रेनें दिखाई नहीं देतीं। तब यह हूटर और अधिक कारगर साबित होगा। लोग हूटर बजने के बाद चौकन्ना हो जाऐंगे। यह हूटर भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर लगाए जा रहे हैं।
हूटर के कारण सीमांचल एक्सप्रेस की चपेट में आने से बची महिला
दिबियापुर (औरैया)। मंगलवार को डाउन रेलवे ट्रैक पर उतरकर लघुशंका कर रही एक महिला हूटर के कारण बाल बाल बच गई। लोगों के अनुसार एक महिला जानकारी के अभाव में प्लेटफार्म संख्या 2 से उतरकर डाउन लाइन पर लघुशंका करने लगी। अपरान्ह लगभग 1.30 बजे 12488 सीमांचल एक्सप्रेस ने होम सिग्नल पार किया और हूटर बजने लगा। हूटर की आवाज सुनकर प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों ने दौड़कर महिला को प्लेटफार्म पर खींच लिया। स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि महिला के बाल बाल बचने की जानकारी यात्रियों ने उन्हें भी दी थी।