ननिहाल जा रहे मां-बेटे से बाइक सवार लुटेरों ने बेला-रसूलाबाद मार्ग पर तमंचा दिखाकर लूटपाट कर दी। लूटपाट कर भाग रहे लुटेरे रात के अंधेरे में पकड़े जाने के भय से बाइक झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए। पुलिस ने सुबह झाड़ियों से लूटी गई बाइक बरामद कर ली है और लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
बेला थानातंर्गत ग्राम रज्जापुर्वा निवासी राघवेंद्र पुत्र सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह अपनी मां मीरा देवी के साथ पल्सर से ननिहाल प्रधानपुर कानपुर देहात जा रहा था।
बेला-रसूलाबाद मार्ग पर लिंक रोड के निकट पीछे से आए सफेद अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। तमंचा दिखाकर बाइक छीन ली। विरोध करने पर मारा पीटा और बाइक लेकर भाग निकले।
इधर स्थानीय लोगों की मदद से उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया। पकड़े जाने के भय से बदमाश बाइक को लक्ष्मीपुरवा गांव के निकट झाड़ियों में छिपाकर भाग निकले।
पीड़ित राघवेंद्र ने पुलिस को बताया कि बदमाश सोने के बाले, ढाई हजार रुपये, बाइक, मोबाइल लूटकर बेला थाने की ओर भागे हैं। इस संबंध में कार्यवाहक इंचार्ज विश्व प्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस व ग्रामीणों की सक्रियता से बदमाशों की घेराबंदी की गई, जिससे बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले।