फफंद। दूध की पिकअप लेकर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास चालक को झपकी आने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई थी।
थाना क्षेत्र के सैनपुर गांव निवासी कुलदीप कुमार (22) दूध की पिकअप चलाता था। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे वह दूध का लोडर लेकर घर लौट रहा था। टीकमपुर गांव के पास अचानक झपकी आने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी दिबियापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी पहुंचकर पुलिस ने परिजन से पूछताछ की और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुलदीप दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिजन में कोहराम मच गया। भाई मौत की जानकारी के बाद दोनों बहनों और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।