अछल्दा। ओवरलोड के चलते हो रही बार-बार ट्रिपिंग के कारण उपभोक्ताओं का बुरा हाल है। बुधवार की पूरी रात इस समस्या से उपभोक्ता परेशान रहे। वहीं दिन के समय मशीनों की टेस्टिंग का काम एक घंटे तक चला।
कस्बा व आस-पास ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती और ट्रिपिंग से निजात नहीं मिल पा रही है। आए दिन हो रही कटौती के चलते लोगों को इस भीषण उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। बुधवार की पूरी रात ट्रिपिंग के चलते कस्बे के उपभोक्ता सो न सके। इस कारण दिन में उनमें विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश देखने को मिला।
रात भर हुई ट्रिपिंग और कटौती की जानकारी उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को देते हुए शीघ्र समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की। जानकारी पर एसडीओ रघुनाथ मित्तल बिजली घर पहुंचे। उन्होंने मशीनों की जांच पड़ताल करने के बाद टेक्नीशियन बुलवाकर मरम्मत कराई। जिसके बाद मशीनों की टेस्टिंग की गई। इस दौरान लगभग एक घंटे का समय लगा और बिजली आपूर्ति बंद रही। एसडीओ ने बताया कि ट्रिपिंग की समस्या को पूरी तरह दूर कर लिया गया है। अब आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित होगी।