फोटो26एयूआरपी 25- पेंशन अदालत में सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन संबंधी सुनवाई करते एक्सईएन राजीव अग्रवाल।
लापरवाह लिपिक के खिलाफ निंदा प्रविष्टि की संस्तुति
क्रासर--
पेंशन अदालत में एक्सईएन ने आठ पेंशनरों की समस्याएं सुनीं
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। विद्युत वितरण खंड औरैया पर बुधवार को पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इसमें एक्सईएन (डिस्ट्रीब्यूशन) ने आठ पेंशनरों की समस्याएं सुनीं। पेंशनरों की समस्या निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले संबंधित लिपिक के खिलाफ निंदा प्रविष्टि जारी करने की संस्तुति की है। साथ ही पुन: शिकायत पाए जाने पर लिपिक को वार्षिक वेतन वृद्धि रोके जाने की भी चेतावनी दी है।
एक्सईएन (डिस्ट्रीब्यूशन) विद्युत वितरण खंड औरैया राजीव अग्रवाल ने बुधवार को अपने कार्यालय में पेंशन अदालत लगाकर विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके पेंशनरों की पेंशन संबंधी शिकायतों की सुनवाई की। एक्सईएन ने बताया कि सुनवाई के दौरान सेवानिवृत्त अवर अभियंता एसपी रमन, लाइनमैन सुघर सिंह, टीजीटू शांति शरण मिश्रा, लाइनमैन केके कठेरिया, लाइनमैन महाराम, टीजीटू चंद्रपाल व राधेश्याम तथा अवर अभियंता आरपी गुप्ता के मामलों में सुनवाई की। उन्होंने बताया कि यह सभी कर्मचारी काफी पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में उनकी पेंशन संबंधी सभी समस्याओं को दूर किया जाना चाहिए। लेकिन विभाग के लिपिक ने लापरवाही बरतते हुए अभी तक ध्यान नहीं दिया। एक्सईएन ने संबंधित लिपिक को निंदा प्रविष्टि की संस्तुति देने के साथ ही चेतावनी जारी कर दी है। कहा कि यदि पुन: इस तरह की शिकायतें पाईं गई तो उनके वेतन वृद्धि पर भी रोक लगा दी जाएगी।
---