बिधूना। भीषण गर्मी व तेज धूप में रोडवेज चालक-परिचालक मनमानी कर रहे हैं। धूप में बसें खड़ी कर देने से बस के अंदर उमस पैदा होती है और सवारियां बिलबिला जाती हैं। सवारियों की मांग के बावजूद बसें छांव में नहीं खड़ी की जा रही हैं।
बिधूना से कानपुर मार्ग पर 30 बसें प्रतिदिन आवागमन करती हैं। तहसील के पीछे बने रोडवेज बस स्टैंड से निकली बसों को आंबेडकर प्रतिमा के पास तपती धूप में करीब आधा घंटे खड़ा किया जाता है। इससे बसों में बैठीं सवारियां पसीना-पसीना हो रही हैं। जबकि चालक व परिचालक खुद दुकानों में पंखे की हवा में बैठ जाते हैं।
यात्री अगर विरोध करते हैं तो चालक-परिचालक दूसरे वाहन से चले जाने की बात कहने लगते हैं। यात्री आरती देवी ने बताया कि बस में लगभग 25 मिनट से बैठे हैं, बस इतनी गर्म है कि पसीना नहीं रुक रहा है। नन्हेलाल ने बताया कि रसूलाबाद जाने के लिए बस में सवार हुए थे। धूप में खड़ी बस से बच्चे बेहाल हैं।
एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि बसों को छांव में खड़ा करने निर्देश दिए गए हैं। गर्मी में यात्रियों के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।