दिबियापुर (औरैया)। महाकुंभ स्नान में जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे की ओर से ट्रेनों के संचालन में लगातार बदलाव किया जा रहा है।
इसी के तहत जिन पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर फिर से संचालन शुरू किया गया था, उन्हें फिर से 28 फरवरी तक रद्द कर दिया गया है। इसी तरह हावड़ा से नई दिल्ली जाने वाली नेताजी एक्सप्रेस लगातार दूसरे दिन रविवार को भी रद्द रही।
रेल प्रशासन की ओर से बाकायदा इसकी नोटिस जारी की गई है। नोटिस के तहत महाकुंभ के दौरान अलग-अलग कारणों से पैसेंजर गाड़ियों का निरस्तीकरण किया गया। जिसमें 64628 इटावा-फफूंद, 64627 फफूंद-इटावा, 64589 कानपुर सेंट्रल फफूंद को 24 फरवरी से 28 फरवरी तक रद्द कर दिया गया है।
64169 फफूंद-इटावा , 64170 इटावा -फफूंद को 25 फरवरी से पहली मार्च तक और 64590 फफूंद-कानपुर सेंट्रल, 64583 टूंडला-दिल्ली मेमू 24 फरवरी से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने कहा है कि हावड़ा-नई दिल्ली के बीच चलने वाली 12311 नेताजी एक्सप्रेस शनिवार की ही तरह रविवार को भी रद्द रही।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर रविवार को अलीपुर द्वार से पुरानी दिल्ली जाने वाली 15483 महानंदा एक्सप्रेस 24 घंटे लेट है। रविवार को आने वाली यह ट्रेन सोमवार को आने की संभावना है। लंबी दूरी की ट्रेनें लेट होने से यात्री परेशान रहे।