औरैया। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन की अलख जगाने के लिए माध्यमिक विद्यालयों ने बाहर शौच बंद कराने को जागरूक करने की सीटी बजा दी है। संयुक्त शिक्षा निदेशक कानुपर मंडल कानपुर के निर्देश पर गुरुवार को जिले के माध्यमिक विद्यालयों ने जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को घरों में शौच बनवाने को प्रेरित किया।
शहर के गंगाराम बजाज म्युनिसिपल बालिका इंटर कॉलेज, नारायन इंटर कॉलेज, मल्हौसी, जिला पंचायत इंटर कॉलेज, उमरैन की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। गंगाराम गर्ल्स इंटर कालेज की ओर से निकाली गई रैली को प्रधानाचार्या गीता शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शहर के होमगंज, बघाकटरा, गोविंद नगर, सुभाष चौक, गुमटी मोहाल होते हुई जागरूक रैली में वैनर, पोस्टर, स्लोगन पट्टिकाएं लिए छात्र-छात्राएं मम्मी-पापा सुन लो मेरी बात, खाने खाएंगे धोकर हाथ, सुन लो मेरे भाई, दांतों, हाथों की नित्य करो सफाई, मम्मी पापा शर्म करो, खुले में शौच बंद करो आदि नारे लगाकर स्वच्छता की चेतना फैलाई।
वहीं जिला पंचायत इंटर कॉलेज, उमरैन में संतोष गुप्ता, जिला पंचायत इंटर कॉलेज मुरादगंज में गौरव कुमार, प्रमोद कुमार यादव, नारायन इंटर कॉलेज मल्हौसी में विवेक कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में जागरूकता रैली निकाली गई।