दिबियापुर। पुलिस महकमे में उस समय खलबली मच गई। जब गांव सौंधेमऊ निवासी व्यक्ति ने महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दी। हालांकि बाद में महिला की मौत बीमारी से होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने फोन करने वाले व्यक्ति का शांतिभंग में चालान कर दिया।
सोमवार को गांव सौंधेमऊ से शैलेंद्र नाम के एक व्यक्ति ने यूपी 112 को सूचना दी कि गांव की एक महिला पूनम की हत्या कर दी गई है। वायरलैस सेट पर सूचना प्रसारित होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आनन-फानन सीओ औरैया महेंद्र प्रताप सिंह, दिबियापुर थाना प्रभारी रामसहाय पटेल समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जानकारी करने पर पता चला कि लगभग 35 वर्षीय पूनम पत्नी नरेंद्र पिछले दो वर्ष से बीमार चल रही थी। रविवार को हालत बिगड़ने पर कानपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
सोमवार सुबह उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने हत्या की झूठी सूचना के बारे में उच्चाधिकारियों को बताया। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि महिला की मौत बीमारी से हुई थी। उसके एक पड़ोसी शैलेंद्र ने झूठी सूचना दी थी। इस पर उसका शांतिभंग में चालान किया गया है।