मुरादगंज।
मुरादगंज में रिहायशी इलाके के बीच गोदाम में आतिशबाजी के भंडारण की सूचना पर मंगलवार को पुलिस टीम के साथ पहुंचे तहसीलदार ने भारी मात्रा में मिली आतिशबाजी जब्त कर ली।
मंगलवार को तहसीदार अजीतमल हरिश्चंद्र, सीओ अजीतमल भरत पासवान भारी पुलिस बल के साथ मुरादंज कस्बा स्थित सब्जी मंडी पहुंचे। जहां रामजी लाल गुप्ता के मकान पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने वहां से दो क्विंटल आतिशबाजी बरामद की। जांच के दौरान तहसीलदार को बिक्रेता के पास महज 12 किलो आशितबाजी भंडारण का ही लाइसेंस मिला। पुलिस ने आतिशबाजी को सीज कर लोडर में रखकर अजीतमल कोतवाली में सुरक्षित रखवाया। वहीं मौके से रामजी लाल गुप्ता को भी हिरासत में लेकर अजीतमल कोतवाली पहुंचाया।
सीओ भरत पासवान ने बताया कि आरोपी द्वारा अवैध तरीके से रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ (आतिशबाजी) का भंडारण किया गया था। पूरी आतिशबाजी को सीज कर कब्जे में लिया गया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बताया कि अवैध तरीके से आतिशबाजी (बारूद) भंडारण व बस्ती में बारूद बेंचने वालों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
-
बेसमेंट से लेकर ऊपर की तीन मंजिलों तक रखी थी आतिशबाजी
छापेमारी के दौरान टीम ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान टीम को घर के तलघर से लेकर तीन मंजिला इमारत में ऊपर तक पर अलग-अलग स्थानों पर बारूद रखी मिली। टीम ने पूरी बारूद को सीज कर लोडर से सुरक्षित स्थान पर पहुंचवाई गई। तहसीलदार अजीतमल हरिश्चंद्र ने बताया कि मकान की सभी मंजिलों पर पर्याप्त मात्रा में बारूद मौजूद मिली। जबकि आरोपी परिवार सहित इसी मकान में निवास करता है। ऐसे में जरा सी लापरवाही स्वयं आरोपी के परिवार के लिए बड़ा खतरा बन सकती थी।