डीएम के. बालाजी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित विधान सभा चुनाव के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को देखने के साथ ही कर्मचारियों को सावधान रहने के निर्देश दिए। वहीं बसपा प्रत्याशी के पंफलेट से प्रचार की शिकायत पर डीएम ने रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। यह शिकायत व्हाट्स ऐप पर की गई थी।
दिबियापुर विधान सभा क्षेत्र में दैनिक समाचार पत्रों में पंफलेट रखकर प्रचार करने की शिकायत इलेक्शन 2017 व्हाट्स ऐप ग्रुप पर की गई थी। डीएम ने आरओ से मामले की जांच कराई। जांच में मामला सही पाए जाने पर फफूंद थाने में बसपा प्रत्याशी रामकुमार अवस्थी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया।
डीएम ने चुनाव कार्यालय का निरीक्षण कर रजिस्टर व अन्य अभिलेखों को देखा। डीएम ने कहा कि चुनाव कंट्रोल रूम में मेल, व्हाट्स ऐप, फोन व अन्य किसी तरह से आने वाली शिकायतों की जांच आरओ को भेजी जाए। शिकायत को रजिस्टर में दर्ज करें। 24 घंटे में शिकायत का जवाब न मिलने पर नोटिस भेजें। इसके बाद भी शिकायत के निस्तारित न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। टीवी व समाचार पत्रों के माध्यम से आचार संहिता का उल्लंघन करने वाली शिकायतों को भी रजिस्टर में अंकित किया जाए।