बिधूना। पौधारोपण अभियान के तहत विमटामऊ गांव में प्रधान, सचिव व लेखपाल की मौजूदगी में जिस जगह में पौधे लगाए गए, उसी जमीन में गांव की कुछ लोगों ने खेत को जोतकर धान की फसल को रोपित कर दी है। प्रधान ने पुलिस व ब्लाॅक के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर तहसील दिवस में शिकायती पत्र दिया है।
ब्लाक बिधूना की ग्राम पंचायत विमटामऊ के प्रधान हाकिम सिंह भदौरिया ने बताया कि विमटामऊ में एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत 20 जुलाई को लगभग 500 पौधों का सचिव व लेखपाल की मौजूदगी में पौधारोपण कराया था, लेकिन एक अगस्त को गांव के कुछ लोगों ने पौधारोपण की जमीन को ट्रैक्टर से जोतकर उसमें धान की फसल रोप दी है।
पौधों वाली जगह की जोताई का विरोध किया तो लोग मारपीट करने पर आमादा होने के साथ जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पौधों को नष्ट करने की शिकायत पुलिस व ब्लाॅक व तहसील के अधिकारियों दी है, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर तहसील दिवस में शिकायती पत्र दिया है।