हरदोई। सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय लक्ष्य की पूर्ति के लिए अधिकारी संवेदनशीलता से काम करें। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि धान क्रय केंद्रों और खनन के कार्यों का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन में गड़बड़ी पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने स्वामी विवेकानंद सभागार में सीएम डैशबोर्ड की राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों से कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति बढ़ाई जाए। सभी विभाग राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दें और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करें। विभागों की कम स्थिति सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंक को प्रभावित कर सकती है इसलिए सभी विभाग अपने-अपने विभाग की रैंकिंग पर विशेष ध्यान दें।
कहा कि सूचनाओं को विभागीय पोर्टल पर समय से फीड कराया जाए। उन्होंने आबकारी विभाग, आइसीडीएस विभाग, जिला पंचायत, जल निगम की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि स्वास्थ्य विभाग की कुछ योजनाएं सीएम डैशबोर्ड में जोड़ी जाएंगी। बैठक में सीडीओ सान्या छाबड़ा, एडीएम प्रियंका सिंह व प्रफुल्ल त्रिपाठी, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
-
मानसिक स्वास्थ्य नीति, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा और दिव्यांगजन सुविधा का अनुपालन जरूरी
डीएम अनुनय झा ने सोमवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए छात्रों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और कोचिंग सेंटरों की निगरानी पर जोर दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों में उम्मीद गाइडलाइन, मानोदर्पण और राष्ट्रीय आत्महत्या रोकथाम रणनीति का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। सभी महाविद्यालय, इंटर कॉलेज, कोचिंग सेंटर और हॉस्टल में मानक का शत-प्रतिशत पालन कराएं। डीएम ने मानसिक स्वास्थ्य नीति, योग्य काउंसलर की उपलब्धता, भेदभाव निषेध, आपातकालीन सहायता, हॉस्टल सुरक्षा और अकादमिक प्रेशर हेल्पलाइन जैसे बिंदुओं पर चर्चा की। कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण-नवीनीकरण से पहले समिति की तरफ से गहराई से जांच कराई जाए। शिक्षण संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य नीति, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा और दिव्यांगजन सुविधा का पूरा अनुपालन हर हाल में कराया जाए। बैठक में सीडीओ सान्या छाबड़ा, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, डीआईओएस बाल मुकुंद प्रसाद आदि अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)