औरैया। सोशल मीडिया पर कोतवाली प्रभारी से अभद्रता और एक विशेष वर्ग पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह की टिप्पणी से लोगों में आक्रोश फैल गया। सोमवार देर शाम सैकड़ों की संख्या में लोग सुभाष चौराहे पर एकत्र हुए और हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद लोगों ने कोतवाली का घेराव कर लिया और जमकर नारेबाजी की। हंगामा कर रहे लोगों ने टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली के बाहर भीड़ बढ़ती देख कोतवाली प्रभारी संतोष अवस्थी ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। मामला बढ़ता देख एएसपी शिष्य पाल भारी पुलिस के साथ पहुंचे। कई थानों की फोर्स को बुलाया गया। हंगामा और नारेबाजी कर रहे लोगों को पुलिस ने शांत कराने की कोशिश की, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों ने नारेबाजी कर जमकर भड़ास निकाली। कुछ देर बाद ही एएसपी ने माइक पर
कार्रवाई की चेतावनी दी और फिर से वार्ता की। इसके बाद लोग माने। करीब एक घंटे से अधिक हंगामा चलने के बाद पुलिस लोगों को कोतवाली से हटा सकी। लेकिन देर रात तक लोग संजय गेट, सुभाष चौक समेत शहर की सड़कों पर कई गुटों में बंटकर विरोध जताते रहे। सुरक्षा को लेकर शहर में गश्त भी बढ़ा दी गई है। एएसपी शिष्य पाल ने बताया कि हंगामा करने वालों को चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी।