दिबियापुर (औरैया)। जन सेवा केंद्रों (सीएससी) के माध्यम से विद्युत बिल जमा करने के लिए एकमुश्त समाधान योजना शुरू हो गई है। ये सुविधा जिले के सभी लगभग 500 सीएससी पर उपलब्ध है।
सीएससी के जिला प्रबंधक अभिषेक कुमार व आनंद सोनी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के बकायेदारों को 31 जनवरी 2021 तक विद्युत बकाया पर सरचार्ज के रूप में लगाई गई धनराशि में सौ फीसदी छूट दी जाएगी। इस योजना में पंजीकरण 15 मार्च तक होंगे। सभी विद्युत बिल बकायेदार इस अवधि में नजदीकी सीएससी पर जाकर पंजीकरण कराकर छूट पा सकते हैं। पंजीकरण के समय उपभोक्ताओं को जनवरी 2021 तक के विद्युत बिल में प्रदर्शित मूल धनराशि का 30 प्रतिशत व दिनांक 31 जनवरी 2021 के बाद के देयों को एकसाथ जमा करना होगा।
इसके बाद ही उपभोक्ता का पंजीकरण पूर्ण होगा। पंजीकरण के बाद यदि उपभोक्ता बिल संशोधन का विकल्प चुनता है तो संबंधित विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता का दायित्व होगा कि वह सात दिन के अंदर उपभोक्ता का बिल ऑनलाइन संशोधन करे। जिसकी सूचना उपभोक्ता को तत्काल एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी।