औरैया। शहर के मोहल्ला विधिचंद्र व मदार दरवाजा के सात घरों में दरारें आने के बाद हादसे का अंदेशा बढ़ गया है। गुरुवार को नगर पालिका ने एक बार फिर से निरीक्षण कर जर्जर मकानों वाली गली में आवागमन रोकते हुए बैरिकेडिंग करा दी है। दरार वाले घरों के बाहर नोटिस चस्पा कर तीन दिन की मोहलत दी है। नोटिस में घर न गिरवाने पर गृहस्वामियों को किसी भी अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने की भी बात लिखी है।
नगर पालिका ने चस्पा नोटिस में कहा है कि जिनके मकान जर्जर हैं, वह जल्द ही मकान खाली तक गिरवा लें। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पालिका ने जर्जर मकानों के पास आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग करवा दी है। उधर, बैरिकेडिंग लगने और रास्ता बंद होने से मोहल्ले के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन मकान जर्जर होने की वजह स्पष्ट नहीं कर पाया है। इसके बाद भी नोटिस देने और रास्ता बंद करने के साथ और परेशानी खड़ा कर रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने देर शाम रास्ता बंद करने के लिए लगाई गई बल्लियां हटा दीं।
16 जनवरी को विधिचंद्र व मदार दरवाजा मोहल्लों में 15 घरों में दरारें देखी गईं थीं। अचानक से मकानों में दरारों पड़ने से लोग दहशत में थे। नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सात मकान जो सबसे अधिक जर्जर पाए गए थे, नोटिस जारी किया गया था।
इस पर लोगों ने ऐतराज जताते हुए नोटिस नहीं लिए थे। 26 जनवरी को नगर पालिका ने एक बार फिर से मकानों के बाहर नोटिस चस्पा करा दिए। वहीं घर गिरने की आशंका को देखते हुए और जनहानि से बचाने के लिए घरों के पास बैरिकेडिंग करा दी। जिससे लोगों का उधर से आवागमन न हो सके। इसे लेकर जर्जर घरों के पास स्थित अन्य घरों के लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि पालिका को तत्काल कोई ठोस कदम उठाते हुए जर्जर मकान गिरा देना चाहिए। कहा कि बैरिकेडिंग से उस गली में रहने वाले अन्य घरों के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पूर्व सभासद पंकज मिश्रा ने पालिका की कार्यप्रणाली को गलत ठहराते हुएकहा कि पालिका प्रशासन अपना बचाव करने के लिए यह सब कर रहा है।
बोले जिम्मेदार ---
जर्जर हो चुके सात घरों के गृहस्वामियों के घरों के बाहर नोटिस चस्पा कराए गए हैं। नोटिस तीन दिन के अंदर जर्जर मकान स्वयं गिराने के निर्देश दिए गए हैं। उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। - रामआसरे कमल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, औरैया।