औरैया। शहर के मोहल्ला गढ़ैया निवासी 22 वर्षीय युवक के सैंपल की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई। जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 133 जा पहुंची है। जबकि अब एक्टिव केस 22 हो चुके हैं। अब तक स्वस्थ्य होने वाले मरीजों की संख्या 109 है। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या सिर्फ दो ही है।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि गुरुवार शहर के मोहल्ला गढ़ैया निवासी 22 वर्षीय एक युवक की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। इस मोहल्ले में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। संक्रमित मरीज को दिबियापुर एल-वन में भेजा गया है। जबकि युवक की गली को पहले ही सील किया जा चुका है। युवक के परिजनों और संपर्कियों के सैंपल लेने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण की जांच के लिए सैंपलिंग की संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश दिए हैं। बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपलिंग को बढ़ाया जा रहा है। ज्यादा सैंपल लेने से कोरोना संक्रमितों की वास्तविक संख्या पता लगाने में आसानी होगी। उसी अनुसार रणनीति बनाकर कोरोना पर लगाम लगा पाएंगे।
इनसेट -----
जिलाधिकारी ने इन लोगों से की घर में रहने की अपील
जिलाधिकारी ने बताया कि यह वायरस की घातकता बुजुर्गों, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं, दस साल से कम आयु के बच्चों, सांस, एलर्जी, कैंसर, हृदयरोग, शुगर या अन्य किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों पर कई गुना बढ़ जाती है। लिहाजा ऐसे लोगों से लगातार घरों में रहने की अपील की जा रही है। उन्होंने लोगों से सरकार के निर्देशों का पालन करने व बाहर निकलने पर मास्क लगाने और दो गज दूरी का पालन करने और नियमित अंतराल पर हाथ होने अथवा सैनिटाइज करने की अपील की है।
इनसेट ----
514 सैंपल लिए गए
नोडल अधिकारी डा. शिशिर पुरी ने बताया कि जिले में कोरोना महामारी पर रोक लगाने हेतु स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से लगा है। इसी क्रम में स्वास्थ विभाग द्वारा गुरुवार को रिकॉर्ड 514 सैंपल लिए गए और जांच के लिए लैब भेजा।
इनसेट ----
जिले में कोरोना पर एक नजर
अब तक लिये गये कुल सैंपल - 10234
अब तक प्राप्त हुये निगेटिव परिणाम - 8623
प्रतीक्षारत सैंपल की संख्या - 1448
अब तक पाजिटिव पाये गये मरीज -133
अब तक ठीक हुये मरीज - 109
गुरुवार को पाजिटिव पाये गये मरीज - एक
गुरुवार को लिये गये सैम्पल - 514
एक्टिव केसो की संख्या - 22
फोटो16एयूआरपी 44- कोरोना महामारी को लेकर लोगों को जागरूक करतीं एसपी सुनीति।
संक्रमित स्थानों का एसपी ने किया भ्रमण
औरैया। शहर में कोरोना पॉजिटवि पाए गए क्षेत्र का एसपी सुनीति ने गुरुवार की शाम भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बेवजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की। इसके बाद एसपी ने शहर के रुहाई मोहाल, बजरिया होते हुए संजय गेट पर पहुंचकर लोगों से बिना मास्क सड़कों पर निकलने पर सख्त कार्रवाई की हिदायत दी। वहीं, बिना हेलमेट के फर्राटा भर रहे बाइक चालकों को रोक कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
महामारी के प्रति लापरवाही पर भड़के अधिवक्ता
-31 जुलाई तक न्यायिक कार्य से विरत रहने का लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर तहसील में कोरोना महामारी को लेकर बरती जा रही लापरवाही को लेकर राजस्व अधिवक्ताओं में खासा आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन अध्यक्ष शेखर मिश्रा एडवोकेट ने कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर एसडीएम सदर व तहसीलदार सदर को पत्र जारी कर तहसील परिसर में कोरोना महामारी से बचाव को लेकर किसी भी प्रकार की कोई व्यवस्था न होने पर आक्रोश जताया। इस संबंध में उन्होंने राजस्व अधिवक्ताओं की बैठक बुलाकर तहसील प्रशासन की इस अनदेखी को लेकर 16 जुलाई से 31 जुलाई तक न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन से तहसील परिसर को सेनिटाइज कराए जाने के साथ ही बिना मास्क के तहसील आने वालों पर रोक लगाए जाने की मांग की है।