औरैया। लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। हादसों में लोग घायल हो रहे हैं। कुछ जान भी जान गंवा रहे हैं। हादसों को रोकने के लिए सरकार लगातार सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान चला रही है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तो चार पहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट अनिवार्य किया गया है। ऐसे में अब सड़क सुरक्षा के लिहाज से ‘नो हेल्मेट नो फ्यूल’ की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत किसी भी पेट्रोल पंप को बिना हेलमेट दो पहिया वाहन सवार को पेट्रोल देने से मना किया गया है। हालांकि, रविवार को यह आदेश अमर उजाला की पड़ताल में बेअसर नजर आया।
सीन-1) नहीं दी गई किसी तरह की हिदायत
फोटो-12एयूआरपी02- शहर स्थित पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट चालकों वाले वाहनों में डाला जाता पेट्रोल। संवाद
शहर के 50 शैया जिला अस्पताल समीप स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार को बाइक सवारों की भीड़ रही। यहां बिना हेलमेट पहुंचने वाले बाइक सवारों को भी पेट्रोल दिया जा रहा था। किसी तरह की हिदायत भी नहीं दी जा रही थी।
सीन-2) बिना रोक दिया गया पेट्रोल
फोटो-12एयूआरपी03- बिधूना में पेट्रोल पंप पर पहुंचे बिना हेलमेट लगाए चालकों को दिया जाता पेट्रोल। संवाद
बिधूना कस्बा के भगत सिंह चौराहा समीप एक पेट्रोल पंप पर रविवार को बिना हेलमेट पहुंचने वाले बाइक चालकों को पेट्रोल दिए जाने का क्रम जारी रहा। रोकने-टोकने का भी काम नहीं मिला।
कोट::
‘बिना हेलमेट बाइक सवार को पेट्रोल न दिया जाए, इसे लेकर वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। पेट्रोल पंप संचालकों से वार्ता की जा रही है।’
-राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी