फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

औरैया: संयंत्र मालिक पर रिपोर्ट के बाद उठा ऑपरेटर का शव

Tue, 21 Feb 2023 12:25 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
अजीतमल। मटर प्लांट में रविवार दोपहर मशीन ऑपरेटर की मौत को लेकर देर रात तक हंगामा चलता रहा। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने संयंत्र मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
विज्ञापन

अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जलूपुर में वेदांत एडिबल प्रोडक्ट लिमिटेड मटर प्लांट है। इसमें कानपुर देहात के थाना अमराहट क्षेत्र के रजौली निवासी अभिलाख सिंह(32) मशीन ऑपरेटर था। रविवार दोपहर छत पर पाइप लाइन खोलने गया था, इसी दौरान नीचे गिर कर बुरी तरह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए परिजन अस्पताल से शव प्लांट लेकर पहुंचे और देर रात तक हंगामा कर कार्रवाई की मांग करते रहे। परिजनों ने शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया। देर रात एसडीएम अजीतमल अखिलेश कुमार सिंह, एएसपी शिष्यपाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और रिपोर्ट दर्ज करवाने का आश्वासन दिया। परिजनों के मनाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पत्नी ज्योती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पति अभिलाख वेदांत एडिबल प्रोडक्ट लिमिटेड में 13 वर्ष से मशीन ऑपरेटर था। मशीन के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन का केबल कई महीनों से कटा है। पति ने कई बार मालिक से केबल को दुरुस्त कराने के लिए कहा, लेकिन मालिक राजकुमार दुबे ने उसकी एक न सुनी। इसके चलते रविवार दोपहर को काम करने के दौरान पति करंट की चपेट में आकर हौज में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई न करने का आरोप बेबुनियाद है। तहरीर के आधार पर संयंत्र मालिक के खिलाफ मशीनरी के संबंध में उपेक्षापूर्ण आचरण समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें