फोटो-12 एयूआरपी 01 ककोर में ज्ञापन देने आए ऑपरेटर। संवाद
ककोर। जल जीवन मिशन में गांवों में पानी की टंकियों पर तैनात ऑपरेटरों को तय मानदेय नहीं मिलता। इस मसले को लेकर ऑपरेटरों ने एडीएम से शिकायत की है। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम से बकाया भुगतान व तय मानदेय दिलाने की मांग की।
जल जीवन मिशन के तहत गांवों में बनीं पानी की टंकियों के बिधूना व एरवाकटरा ब्लॉक के ऑपरेटर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य को शिकायती पत्र दिया। ऑपरेटरों ने बताया कि नियुक्ति के समय उन्हें आठ हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने का लिखित आश्वासन दिया गया था। एक साल बीत जाने के बाद भी उन्हें पूरा मानदेय नहीं दिया गया।
कंपनी अब केवल छह हजार रुपये प्रतिमाह दे रही है। पीएफ आदि कटौती के नाम पर 1200 रुपये की कटौती की जा रही है। उन लोगों को इतनी मेहनत के बाद भी सही भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इस मौके पर राम केस, मोहित, नीरज, प्रदीप, ह्रदेश शाक्य, बृज किशोर, शैलेंद्र, अनिल कुमार, विकास नारायण, संतोष कुमार व मयंक आदि ऑपरेटर मौजूद रहे।