मोहल्ला नारायनपुर तकरीबन दो महीने पहले अधिवक्ता मंजुल चौबे व उनकी बहन की गोली मारकर हत्या के बाद हुए उपद्रव में पुलिस पर हमले का एक और आरोपी पकड़ा गया।
पुलिस ने सपा एमएलसी कमलेश पाठक के पैतृक गांव भड़ारीपुर से आरोपी रवींद्र उर्फ लल्ला चौबे को गिरफ्तार कर सीजेएम कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे 27 मई तक की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार इटावा भेज दिया गया है।
मोहल्ला नारायनपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 15 मार्च को हुए इस दोहरे हत्याकांड के मामले में सपा एमएलसी कमलेश पाठक व उनके दो भाई संतोष पाठक व रामू पाठक सहित 10 लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
वहीं, इस मामले में पुलिस की ओर से 15-20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। दो आरोपियों को सोमवार को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गुरुवार को गांव भड़ारीपुर से रवींद्र उर्फ लल्ला चौबे पुत्र सूबेदार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी रवींद्र बाबू के पास से एक दोनाली बंदूक व दो कारतूस बरामद किया गया है।
दोहरे हत्याकांड में मौके से एक बाइक बरामद होने पर वाहन स्वामी शुभम दुबे ने पुलिस की छापा मारी से तंग आकर अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र जिला एवं सत्र न्यायालय डॉ.दीपक स्वरूप सक्सेना के समक्ष प्रस्तुत किया और अपने को बेगुनाह बताते हुए तमाशबीन बताया।
अभियोजन की ओर से डीजीसी अभिषेक मिश्रा ने समय मांगा। दोनों पक्षकारों को सुनने के बाद जिलाजज डॉ.दीपक स्वरुप सक्सेना ने शुभम की अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया।