दिबियापुर। दिबियापुर नहर पुल के पास बने घाट पर सोमवार की सुबह इकट्ठा हुए श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार की सुख समृद्धि की कामना के साथ छठ पूजा का पारायण किया। गेल गांव स्थित तरणताल पर भी आस्थावान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए उमड़े। इसके साथ ही चार दिनों से चल रहे छठ महापर्व का समापन हो गया।े
गेल गांव स्थित तरणताल पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाएं उमड़ीं। दिबियापुर में नहर पुल के किनारे स्थित घाट पर महिलाओं ने पूजा की। महिलाओं ने नहर के पानी में उतरकर सूर्य को अर्घ्य दिया। यहां रेलवे समेत अन्य उपक्रमों में कार्यरत पूर्वांचल के काफी लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। नगर पंचायत ने घाट की साफ सफाई एवं लाइट की व्यवस्था कराई थी।
दिबियापुर विधायक के प्रतिनिधि अजय पोरवाल, सभासद कृष्ण कुमार कश्यप, सभासद सुशीला देवी पोरवाल आदि ने व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं को पर्व की बधाई दी।