भाग्यनगर ब्लॉक के गुलाबपुर में सरकारी तालाब।
- फोटो : भाग्यनगर ब्लॉक के गुलाबपुर में सरकारी तालाब।
फफूंद। भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत आमपुर के गांव गुलाबपुर के सरकारी तालाब पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है।
इससे गर्मी में पशु-पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी तालाब कब्जा मुक्त नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने डीएम से तालाब को कब्जा मुक्त करवाने की मांग की है।
गांव गुलाबपुर की आबादी दो हजार से अधिक है। गांव में एक ही सरकारी तालाब है। पिछले 15 साल से कुछ ग्रामीणों ने तालाब पर कब्जा कर रखा है और उस पर खेती कर रहे हैं। प्रधान दिनेश कुमार नायक ने कई बार एसडीएम से शिकायत कर कब्जा हटवाने की मांग की, लेकिन कब्जा नहीं हटाया जा सका। कहा कि डीएम से मिलकर कब्जा हटवाने की शिकायत करेंगे।
ग्रामीण अनिल कुमार, सुरेंद्र सिंह, हरी सिंह, गंभीर सिंह, मुनीम सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि ने तालाब से कब्जा हटवाने के लिए शिकायत की। आरोप है कि कब्जाधारकों से मिलीभगत होने से राजस्व विभाग के लोग सिर्फ औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं। ग्रामीणों ने डीएम से तालाब को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।