दिबियापुर। एनटीपीसी के सहयोग से न्यामतपुर स्थित गोशाला का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए एनटीपीसी के परियोजना प्रभारी जसबीर सिंह अहलावत ने भूमि पूजन किया।
मंगलवार को एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख जसबीर सिंह अहलावत ने नारियल फोड़कर गोशाला के विस्तार व सौंदर्यीकरण के लिए भूमि-पूजन किया। उन्होंने, अध्यक्ष जागृति महिला मंडल सरोज अहलावत के साथ मिलकर गोशाला की गायों को एनटीपीसी औरैया द्वारा लाया गया गुड़ एवं हरित चारा खिलाया।
विज्ञापन
जसबीर सिंह अहलावत ने कहा कि हमारे देश में गायों को गो-माता के रूप में माना एवं पूजा जाता है। ऐसा माना जाता है कि गायों की सेवा के पुण्य-प्रताप से मनुष्य का जीवन धन्य हो जाता है। अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन) रॉय थॉमस ने बताया कि गोशाला में टिनशेड एवं बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए एनटीपीसी 25 लाख 40 हजार रुपए खर्च करेगी।
ठेकेदार को मार्च 2024 तक काम पूरा करने के लिए निर्देश दिए हैं। यह कार्य एनटीपीसी की नैगम सामाजिक दायित्व सीएसआर नीति के अंतर्गत कराया जाएगा। जागृति महिला मंडल अध्यक्ष सरोज अहलावत, उप महाप्रबंधक विपिन पांडेय, वरिष्ठ प्रबंधक एसके सिंह, महासचिव जागृति महिला मंडल निधि पांडेय, ग्राम प्रधान न्यामतपुर प्रीति कुमारी, ग्राम प्रधान बैसुंधरा गौरव यादव आदि मौजूद रहे। यहां बता दें भाग्यनगर ब्लाक की ग्राम पंचायत न्यामतपुर स्थित गोशाला में लगभग 100 गायों को आश्रय दिया है।