शहर के फफूंद रोड स्थित सांई नर्सिंग होम पर रविवार शाम बिजली चेकिंग के दौरान मीटर केबिल काटने पर एसडीओ और नर्सिंग होम संचालक के बीच हाथापाई हो गई। मामला बढ़ने पर एसडीओ ने कोतवाली में नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ अभद्रता करने का आरोप लगा थाने में तहरीर दी है। वहीं नर्सिंग होम संचालक ने एसडीओ पर टैंपर्ड मीटर के उपयोग का झूठा आरोप लगा परेशान करने का आरोप लगाया है।
फफूंद रोड पर नहर के पास स्थित सांई नर्सिंग होम पर रविवार की शाम बिजली चेकिंग के दौरान एसडीओ अरविंद कुमार सिंह व नर्सिंग होम पर मौजूद डाक्टर एमपी सिंह के बीच कहासुनी हो गई। इस मामले में एसडीओ अरविंद सिंह ने बताया कि वह मीटर की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग में मीटर टैंपर्ड पाए जाने पर उन्होंने वहां मौजूद डाक्टर एमपी सिंह को जानकारी दी। जिस पर डाक्टर ने इसकी सूचना संचालक अखिलेश कुमार को दी। सूचना पर पहुंचे अखिलेश कुमार व एसडीओ अरविंद कुमार सिंह के बीच बहस शुुरू हो गई।
इस मामले में नर्सिंग होम संचालक अखिलेश कुमार ने बताया कि एसडीओ अरविंद कुमार सिंह की ओर से बिजली मीटर की चेकिंग के बाद बिना किसी को बताए मीटर की केबिल काट दी गई। वहां मौजूद डाक्टर एमपी सिंह से एसडीओ ने बेवजह अभद्रता भी की। अखिलेश ने बताया कि एसडीओ ने मीटर को टैंपर्ड बता उनसे सुविधा शुल्क की मांग की। वहीं अस्पताल में मौजूद डा.एमपी सिंह से अभद्रता पर उतर आए। इसी बीच मीटर केबिल काटे जाने से खफा नर्सिंग होम संचालक व एसडीओ के बीच हाथापाई शुरू हो गई। बाद में एसडीओ अरविंद कुमार सिंह की ओर से कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज करने को तहरीर दे दी गई है।